अमृतसर- पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता बिक्रम मजीठिया की सुरक्षा को हटा दिया गया है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर ये दावा किया है। उन्होंने AAP सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिक्रम सिंह मजीठिया की जेड प्लस सुरक्षा हटाने को AAP सरकार की खतरनाक साजिश करार दिया है।
सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि AAP सरकार बिक्रम मजीठिया को झूठे नशा मामलों में फंसाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल पहले ही लिखित रूप में मजीठिया पर नशे के झूठे आरोप लगाने के लिए माफी मांग चुके हैं। इसके बावजूद अब उन्हें फिर से फंसाने की साजिश की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि मजीठिया की सुरक्षा हटाने को मेरी हत्या के असफल प्रयास से जोड़कर देखना चाहिए। यह हमला गुरु साहिबानों की कृपा से विफल हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP सरकार ने श्री हरमंदिर साहिब में हुए हमले की जांच को जानबूझकर कमजोर किया, जिसके कारण आरोपी को आसानी से जमानत मिल गई।