पंजाब में बाढ़ग्रस्त इलाकों को छोड़कर अधिकतर स्कूल आज खुल गए हैं। हालांकि, अभी बाढ़ का खतरा टला नहीं है। सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। पंजाब में नदियां अभी भी उफान पर हैं। लुधियाना में खतरा अब भी बना हुआ है। जबकि, अन्य जिलों में सरकार, प्रशासन व समाजसेवी संस्थाओं की तरफ से टूटे व क्षतिग्रस्त बांधों को भरने का काम तेज किया गया है।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाढ़ का जायजा लेने पहुंच रहे हैं। बीते दिनों केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बाढ़ का जायजा लेने आए थे। उन्होंने बाढ़ व नुकसान का बड़ा कारण अवैध खनन बताया था।
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) की तरफ से आज के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। अगले एक सप्ताह तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। हालांकि, इस दौरान सामान्य बारिश का अनुमान है। इस दौरान तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।