पंजाब उपचुनाव में रिकॉर्ड जीत ने ‘‘आप’’ सरकार में जनता के अटूट विश्वास पर लगाई मुहर- संजय सिंह

नई दिल्ली/पंजाब, 13 जुलाई 2024

पंजाब की जनता ने जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाकर भगवंत मान सरकार के प्रति अपने अटूट विश्वास पर अपनी मुहर लगा दी है। ‘‘आप’’ के सभी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि हमारे प्रत्याशी मोहिंदर भगत ने 38 हजार मतों से जीत दर्ज की है। इस जीत ने यह संदेश दिया है कि जो आम आदमी पार्टी को धोखा देगा, उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी। ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत से शीतल अंगुराल को जिताया था, लेकिन वो धोखा देकर भाजपा में चले गए और अब उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जालंधर वेस्ट की जीत ने केजरीवाल के काम की राजनीति पर मोहर लगाई है और भाजपा के मुंह पर करारा तमाचा मारा है। इस जीत ने यह भी साबित किया है कि अरविंद केजरीवाल और सरदार भगवंत मान पर पंजाब की जनता का भरोसा कायम है और उनके काम से बेहद खुश है।

देश भर में इंडिया गठबंधन की लगभग एकतरफा हुई जीत ने बता दिया कि अब भाजपा के जुमले नहीं चलने वाले- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि शुक्रवार को पंजाब के जालंधर बेस्ट उपचुनाव का भी परिणाम आया है। लगभग 38 हजार मतों के अंतर से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मोहिंदर भगत चुनाव जीत गए हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अपने सभी मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ दिन-रात प्रचार करके चुनाव लड़ा। आम आदमी पार्टी के संगठन की यही खूबसूरती है कि सभी लोग मिलकर अपने लक्ष्य के लिए काम करते हैं। लोकसभा चुनाव का परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरुप नहीं रहा, लेकिन पंजाब के जालंधर वेस्ट के उपचुनाव ने साबित कर दिया कि राज्य सरकार के प्रति पंजाब के लोगों की पूरी आस्था और विश्वास अटूट है। यह परिणाम इस बात को साबित करता है। संजय सिंह ने कहा कि अगर पूरे देश में इंडिया गठबंधन की बात करें, तो इंडिया गठबंधन के लिए अच्छी खबरें हैं। इंडिया लगभग एकतरफा इस चुनाव में जीत रहा है। इसलिए भाजपा को यह बात समझ लेना चाहिए कि सिर्फ कोरे वादे और झूठे जुमलों से काम चलने वाला नहीं है। भाजपा को किसानों, नौजवानों के लिए कुछ करके दिखाना होगा। अग्निवीर जैसी योजना को खत्म करके पुरानी सेना की भर्ती बहाल करनी होगी।

जो भी ‘‘आप’’ को छोड़कर भाजपा में गया, उसका हस्र देश के सामने है- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए सबसे बड़ी और उत्साह जनक बात यह है कि आम आदमी पार्टी को ईश्वर का वरदान मिला है। जो पार्टी को धोखा देगा, उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी। अब तक का इतिहास यही दिखाता है कि जो भी आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा में गया, उसका क्या हस्र हुआ, यह पूरे देश के सामने है। पंजाब के उपचुनाव में हमारे विधायक, सांसद, मंत्री और अन्य साथियों के लिए एक बड़ा संदेश भी छिपा है। हम यह नहीं कहते हैं कि हमारे अंदर सिर्फ अच्छाइयां ही हैं। हमारे अंदर भी कुछ कमियां होंगी। अगर कुछ बात है तो हमें आपस में बैठ कर संवाद करना चाहिए। एक-दूसरे से मतभेद है तो उसे दूर कीजिए, लेकिन आम आदमी पार्टी के परिवार के अंदर ही रहिए। इस परिवार के बाहर जाएंगे तो कोई इज्जत नहीं मिलेगी।

जालंधर से सांसद रहे रिंकू ने भी ‘‘आप’’ को धोखा दिया और वो लोकसभा चुनाव हार गए- संजय सिंह

उन्होंने जालंधर से ‘‘आप’’ के सांसद रहे रिंकू का उदाहरण देते हुए कहा कि रिंकू को हमारे कार्यकर्ताओं ने बड़ी मेहनत करके जिताया था। हम लोगों ने छोटा भाई मान कर उसको बहुत समझाया, लेकिन वो भाजपा में चला गया और लोकसभा का चुनाव हार गया। इसके अलावा, जालंधर वेस्ट के विधायक शीतल भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के कड़ी मेहनत की बदौलत जीते थे। लेकिन शीतल ‘‘आप’’ को छोड़कर भाजपा में चले गए। इसी वजह से जालंधर वेस्ट का उपचुनाव हुआ और ‘‘आप’’ के प्रत्याशी मोहिंदर भगत 38 हजार वोटों से जीत गए। भाजपा में जाने के बाद रिंकू और शीतल दोनों ही हार गए। इन दोनों से शिक्षा मिलती है कि ‘‘आप’’ को धोखा देंगे तो राजनीति खत्म हो जाएगी। आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बड़ी निष्ठा और मेहनत के साथ किसी के साथ जुड़ता है, उसको किसी तरह से ठेस पहुंचाना ठीक नहीं है। अगर पार्टी मुसीबत में हो तो उसको धोखा देना ठीक नही है। जालंधर वेस्ट उपचुनाव का बड़ा संदेश है कि अगर पार्टी मुसीबत में हो तो उसके साथ मजबूती से खड़ा रहिए। अगर पार्टी को छोड़कर जाएंगे तो आपको हार का मुंह देखना होगा।

जालंधर वेस्ट की जीत ‘‘आप’’ को छोड़कर दूसरी पार्टी में जाने वालों के लिए एक संदेश है- डॉ. संदीप पाठक

जालंघर वेस्ट सीट पर ‘‘आप’’ की जीत पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत इस बात का प्रमाण है कि पंजाब की जनता आज भी आम आदमी पार्टी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान के कामों पर भरोसा करती है। यह विशाल बहुमत इस बात का संकेत है कि पंजाब में जो काम भगवंत मान की सरकार कर रही है, उसकी सराहना जनता कर रही है। जिस तरीके से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल काम की राजनीति को पूरे देश में लेकर जा रहे हैं यह जीत उस काम की राजनीति पर मोहर लगाती है। साथ ही, यह जीत उन लोगों के लिए संदेश है, जो पैसा या पॉवर के लिए ‘‘आप’’ को छोड़ कर चले गए। जालंधर से ‘‘आप’’ के निशान पर जो लोग लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीते थे, वह भाजपा में चले गए। उन्होंने जनता के मतों का अपमान किया। जो जनता के बहुमत के साथ गद्दारी करता है, जनता उसे कभी माफ नहीं करती। जनता ऐसे व्यक्ति को दोबारा प्यार या आशीर्वाद नहीं देती। जो लोग छोटे से फायदे के लिए एक पार्टी से दूसरी पार्टी में चले जाते हैं, उनसे कहना चाहता हूं कि आप अपना राजनीतिक करियर बर्बाद मत कीजिए।

अरविंद केजरीवाल को रोक पाना अब भाजपा के लिए नामुमकिन है- डॉ. संदीप पाठक

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जो लोग एजेंसियों के डर, पैसा, पावर या किसी अन्य परिस्थिति में पार्टी छोड़कर जा रहे हैं, उनको अपने धर्म पर अड़े रहना चाहिए। परेशानी में ही एक व्यक्ति की परीक्षा होती है। संकट की घड़ी आने पर जो लोग भाग जाते हैं, ऐसे लोगों को जनता नकार देती है। हमें चट्टान के जैसे भाजपा के सामने खड़े रहना है। हमें संघर्ष करना है। केजरीवाल जी जेल के अंदर रहकर इनको 400 से 240 पर लेकर आ गए हैं। अगर उनको ज्यादा दिन तक जेल के अंदर रखा गया तो यह स्पष्ट दिख रहा है कि अब भाजपा को 40 सीटों पर आने में ज्यादा देर नहीं लगेगी। पंजाब में आम आदमी पार्टी व्यवस्थागत परिवर्तन लाने की कोशिश कर रही है। 75 सालों में जो काम नहीं हुए उन कामों को आम आदमी पार्टी कर रही है। भाजपा केजरीवाल को जेल में रखकर कमजोर करने की कोशिश कर रही है। लेकिन यह उपचुनाव बीजेपी के मुंह पर करारा तमाचा है। अरविंद केजरीवाल की जड़ें अब बहुत अंदर तक जा चुकी हैं। आप इस तरह से अरविंद केजरीवाल को नहीं हरा सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *