रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ राज्यसभा स्पीकर को मिली शिकायत, सोनिया गांधी के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप

 

केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ पहली बार राज्यसभा स्पीकर को शिकायत मिली है। रवनीत सिंह बिट्टू पर सोनिया गांधी के लिए असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। असम की जोरहाट सीट से सांसद गौरव गोगोई ने बिट्टू द्वारा सोनिया गांधी के लिए इस्तेमाल की गई भाषा पर आपत्ति जताई है और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पत्र में गौरव गोगोई ने बिट्टू के अलावा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह और निशिकांत दुबे के खिलाफ भी शिकायत की है।

सांसद गोगई ने शिकायत में लिखा है कि मैं लोकसभा में संसदीय आचरण के गिरते स्तर पर गहरी चिंता व्यक्त करने के लिए लिख रहा हूं। अक्सर सरकार के मंत्री विपक्षी दलों के सदस्यों के खिलाफ असंसदीय, आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी करते हैं। मैं तीन उदाहरण उजागर करना चाहूंगा-

26 जुलाई: केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, जो सदन के सदस्य नहीं हैं, के खिलाफ धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया।

25 जुलाई: राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य सोनिया का जिक्र करते हुए असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया।

25 जुलाई: सांसद निशिकांत दुबे ने सदन में अपने भाषण के दौरान घोर सांप्रदायिक भाषा का इस्तेमाल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *