देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड इस समय प्रकृति के प्रचंड रूप का सामना कर रही है। लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ों पर तबाही मचा दी है। जगह-जगह भूस्खलन, सड़कों का कटाव और बादल फटने की घटनाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इसी संकट के बीच, राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा को 5 सितंबर तक अस्थायी रूप से रोक दिया है।
राज्य में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले कई मार्ग अवरुद्ध हो चुके हैं। भारी मलबा और लैंडस्लाइड के चलते कई रास्ते खतरनाक हो गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए, राज्य प्रशासन ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है।