जालंधर–जालंधर में एक पिटबुल कुत्ते ने अपनी मालकिन पर हमला कर दिया। पिटबुल उसे करीब 20 मिनट तक काटता रहा। महिला के हाथ, पैर और शरीर के कई अन्य हिस्सों पर जख्लिम हैं। इस बीच महिला के 8-9 साल के बेटे ने हिम्मत दिखाई और कुत्ते के मुंह में रस्सी डालकर उसे खींच लिया। इससे महिला की जान बच सकी। हादसे को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।
जालंधर में 66 फुट रोड पर फोलडीवाल से सटी ग्रीन वैली कॉलोनी में रह रही महिला कंवलजीत कौर (35) अपने पिटबुल कुत्ते को घर के अंदर ले जाने की कोशिश कर रही थी। इसी बीच कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ता करीब आधे घंटे तक बेकाबू रहा और महिला के शरीर के विभिन्न हिस्सों को काटता रहा।
कुत्ते के हमले की सूचना पर पुलिस चौकी से एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से बात की और जानकारी हासिल की कि पिटबुल ने पहले भी लोगों पर हमला किया है।
इस बीच, घायल महिला को पहले एसजीएल अस्पताल ले जाया गया और फिर पीआईएमएस में भर्ती कराया गया। हालांकि, महिला को सुबह तक पीआईएमएस अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि महिला के परिजन उसे गांव ले गए हैं। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद कुत्ता रात में गायब हो गया।
