जालंधर–कर्नाटक में पिछले माह 16 जनवरी को बिंदर एरिया में 93 लाख रुपए से भरी कैश वैन लूटने के मामले में जालंधर में कर्नाटक पुलिस द्वारा रेड की गई है। कर्नाटक पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कर्नाटक पुलिस अपने साथ ले गई है।
सहायता के लिए जालंधर सिटी पुलिस की एक टीम भी गई थी। ये रेड थाना डिवीजन नंबर-1 के एरिया में पड़ते डीएवी कॉलेज की नहर के पास की गई थी। पहले एक घर के अंदर युवक से पूछताछ की और फिर पुलिस उक्त युवक को फ्लाइट से अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार बिहार के रहने वाले आलोक कुमार उर्फ आशुतोष और अमन कुमार ने एक साथ मिलकर बीते 16 जनवरी को कर्नाटक में एसबीआई बैंक की कैश वैन को घेर कर मिर्ची पाउडर आंख में झोंक दिया और फायरिंग शुरू कर दी। इस सारे घटनाक्रम में एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। वहीं, दूसरा व्यक्ति घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुआ था। ये लूट करीब 93 लाख रुपए की थी।
उक्त वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों के पीछे लगी हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने जालंधर में रेड कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। हालांकि फिलहाल ये क्लियर नहीं है कि उक्त आरोपी वारदात में शामिल था या फिर उसे किस लिंक में पुलिस ने हिरासत में लिया है।