जालंधर/चंडीगढ़ –मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर शुरू की गई ‘ड्रग्स पर वार’ मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए संगरूर पुलिस ने जेल के अंदर से चल रहे एक तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए इस मामले में जेल के डिप्टी सुपरिंटैंडैंट ऑफ पुलिस (डी.एस.पी.) सिक्योरिटी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी यहां पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डी.जी.पी.) गौरव यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर संगरूर जेल में छापेमारी के दौरान 12 मोबाइल फोन, 4 स्मार्टवॉच, 50 ग्राम अफीम, 12 ग्राम हैरोइन और अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए। डी.जी.पी. ने इस मामले में जेल कर्मचारी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रशांत नामक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी भूमिका तस्करी गतिविधियों को सुगम बनाने में सामने आई है।
उन्होंने बताया कि पिछले संबंधों की जांच के दौरान अमृतसर के नशा तस्कर मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जो वर्तमान में संगरूर जेल में बंद गुरविंदर सिंह का साथी है। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस टीमों ने आरोपी मनप्रीत के कब्जे से 4 किलो हैरोइन, 5.5 लाख रुपए की ड्रग मनी और दो जिंदा कारतूस के साथ एक 9 एम.एम. ग्लॉक पिस्तौल बरामद की है।