पंजाब में ट्रॉले की टक्कर से बस के परखच्चे उड़े:25 यात्री घायल

पंजाब के खन्ना में नेशनल हाईवे पर गुरुवार आधी रात को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रॉले ने टक्कर मार दी, जिससे बस करीब 150 मीटर दूर जाकर बिजली के ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। इस हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि यह बस बिहार के बेतिया से मजदूर लेकर आ रही थी। घटना में घायल हुए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी हैं। इन्हें सिविल अस्पताल खन्ना में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, पंजाब में धान लगाने के लिए बिहार और यूपी से करीब 65 मजदूर बस में आ रहे थे। आधी लेबर को खन्ना में उतरना था। रात करीब साढ़े 12 बजे के बस नेशनल हाईवे पर गुरु अमरदास मार्केट के सामने बने कट पर रुकी। अभी कुछ मजदूर उतरे थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रॉले आकर बस से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। इस टक्कर से मजदूरों में चीख पुकार मच गई। साथ ही टक्कर लगने से बस आगे बढ़ गई और करीब डेढ़ सौ मीटर दूर जाकर एक ट्रांसफॉर्मर से टकराई। इससे भी जोरदार धमाका हुआ।

हादसे में बस को आग नहीं लगी, जिससे बड़ा बचाव हुआ है। जब ट्रॉले की टक्कर के बाद बस ट्रांसफॉर्मर से टकराई तो धमाके के साथ आग भी निकली। यह भी बचाव रहा कि बस में करंट नहीं आया। इससे भी बड़ा नुकसान हो सकता था। सिटी थाना-2 के SHO के अनुसार ट्रॉले का टायर फटने की वजह से हादसा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *