हरियाणा के बिजली एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने 17 फोटो जारी कर जिस आशीष तायल को गद्दार कहा, वह कभी उनके साथ रह चुके हैं। विज की नाराजगी दूर करने के लिए भाजपा ने तायल को अंबाला के कोषाध्यक्ष पद से भी हटा दिया।
तायल 16 साल से भाजपा से जुड़े हुए हैं। यहां तक कि विज ने खुद सिफारिश कर उन्हें टिकट भी दिलाई थी। हालांकि, दोनों के रिश्ते बिगड़े तो तायल विज की जगह नायब सैनी के करीब हो गए। वहीं, तायल का अब भी कहना है कि विज ने उनका नाम क्यों घसीटा, उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा।
अंबाला में यह भी चर्चा है कि भाजपा के संगठन चुनाव चल रहे हैं। ऐसे में तायल को कोषाध्यक्ष की जगह अंबाला का अध्यक्ष बनाया जा सकता था। इसी वजह से विज ने एग्रेसिव होकर तायल को सीधे गद्दार कह दिया।