मोदी जी ने सेना के जवानों को मजदूर बना दिया है- राहुल गांधी

 

लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी की केंद्र सरकार पर विपक्ष ने दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इस बीच एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप दोहराए। इसके साथ ही राहुल गांधी ने वादा किया कि अगर इंडिया गठबंधन सत्ता में आया तो आरक्षण 50 फीसदी बढ़ा दिया जाएगा।

दरअसल, राहुल गांधी बांसगांव में हिदुस्तान गठबंधन की सहयोगी पार्टी सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त रैली कर रहे थे। इस दौरान राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी पर संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने की तैयारी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग कह रहे हैं कि अंबेडकर जी के काम और सपनों को तोड़ देंगे। लेकिन कोई भी ताकत अंबेडकर जी के संविधान, गांधी जी और नेहरू जी के संविधान को फाड़ नहीं सकती।

राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया अलायंस संविधान की रक्षा करेगा। हम मारे जायेंगे, कट जायेंगे लेकिन संविधान नहीं बदलने देगें। यह चुनाव विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ इंडिया गठबंधन और संविधान है और दूसरी तरफ वे लोग हैं जो देश के संविधान को रद्द करना चाहते हैं।

केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने तीखा जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा,  भारत के इतिहास में पहली बार नरेंद्र मोदी ने सेना के जवानों को मजदूर बना दिया है। उन्हें पेंशन, शहीद का दर्जा और कैंटीन तक नहीं दी जा रही। लेकिन इंडिया गठबंधन सरकार अग्निवीर योजना को रद्द कर देगी। यह कोई सेना की योजना नहीं है। ये नरेंद्र मोदी की योजना है। यह योजना फौज, देशभक्तों और सैनिकों का अपमान है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *