पहलगाम आतंकी हमले के बाद इस साल अमरनाथ यात्रा अपने इतिहास की सबसे कड़ी हाई सिक्योरिटी में होने जा रही है। सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया- 2024 में जहां कुल 40 हजार जवान तैनात थे। वहीं इस बार 35 हजार जवानों की तैनाती 60km वाले दोनों यात्रा रूट पर ही रहेगी।
इसके अलावा, जम्मू से पवित्र गुफा तक की सुरक्षा 1 लाख जवान संभालेंगे। दोनों रूट हाई रेजोल्यूशन और फेस रिकग्निशन टेक्नोलॉजी वाले 4 हजार सीसीटीवी कैमरों से लैस रहेंगे। इन्हें 6 कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। बंकर भी बनाए जा रहे हैं।
जम्मू से पवित्र गुफा तक दो यात्रा रूट हैं। पहला- 14 किमी लंबा बालटाल रूट, जो बेस कैंप से गुफा तक 14 किमी लंबा है। दूसरा- पहलगाम रूट जो बेसकैंप से गुफा तक 46 किमी लंबा है। 3 जुलाई से शुरू होने वाली इस तीर्थयात्रा के लिए देशभर से 4 लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।