लुधियाना–पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान देर रात लुधियाना पहुंचे। एक निजी समारोह में शिरकत करने के बाद आज सुबह डिजीटल एजुकेशन प्रोग्राम उन्होंने लॉन्च किया। मुख्यमंत्री मान ने पहले चरण में 14 स्कूलों में 115 लैपटॉप दिए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित शिक्षा लेने में छात्रों को मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर कुलदीप चहल और डिप्टी कमिश्नर जितेन्द्र जोरवाल के साथ भी बैठक की। मान ने खुद लैपटॉप चला कर उन्हें चेक भी किया। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा के क्षेत्र में बहुत तेजी से काम कर रही है। छात्रों को डिजीटल शिक्षा में आगे रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह खुशी की बात है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा के माहौल में आवश्यक उपकरणों से लैस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए ये लैपटॉप डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा हैं।